
कोटला – (स्वयंम) उपमंडल जवाली की ग्राम पंचायत जोल के स्वतन्त्रता सेनानी कश्मीर सिंह (106) पुत्र स्वर्गीय बूटा राम निवासी जोल का लंबी बीमारी के चलते शुक्रवार देर रात्रि 12:30 बजे निधन हो गया। स्वतंत्रता सेनानी के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्वतंत्रता सेनानी कश्मीर सिंह ने नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की आजाद हिंद फ़ौज में सेवाएं दी थीं। स्वतंत्रता सेनानी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जोल में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। एसडीएम जवाली कृष्ण कुमार शर्मा की मौजूदगी में पुलिस टुकडी द्वारा स्वतंत्रता सेनानी को हवाई फायर दागकर सलामी दी गई। जवाली के विधायक अर्जुन सिंह, एसडीएम जवाली कृष्ण कुमार शर्मा, तहसीलदार संत राम नागर, डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानी को पुष्प चक्र चढ़ा कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
जवाली के विधायक अर्जुन सिंह ने कहा कि जवाली ने नायाब हीरा खोया है तथा उनकी सेवाओं को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी को युगों-युगों तक याद किया जाएगा। इस मौके पर प्रदेश भाजपा ओबीसी उपाध्यक्ष योगराज मेहरा , जवाली भाजपा मंडल अध्यक्ष उत्तम धीमान , भाली पंचायत प्रधान मुंशी शर्मा, पूर्व प्रधान जोल कुलदीप सिंह, मस्तान सिंह , गौदम सिंह,अशोक कुमार , मौजूद रहे।
