
शिमला, जसपाल ठाकुर
हिमाचल में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए लगाई गई बंदिशों का औचित्य दिखाई नहीं दे रहा है, क्योंकि टेस्टिंग ही आधी रह गई है। ऐसे में साफ है कि जब टेस्टिंग ही आधी होगी, तो मरीजों की संख्या में भी कमी आएगी ही। पहले एक्टिव मरीज हिमाचल में जहां 40 हजार से ज्यादा हो गए थे, वे अब 21 हजार के करीब पहुंच गए हैं। रोजाना ठीक होने वाले मरीजों की संख्या नए संक्रमित मरीजों से ज्यादा है। इस तरह रिकवरी रेट हिमाचल में 85 फीसदी पहुंच गया है।
विशेषज्ञ सरकार की इस नीति को कोस रहे हैं कि अगर टेस्ट ही आधे करने थे, तो कोरोना कर्फ्यू का क्या मतलब है। एक सप्ताह पहले संक्रमण दर 27.46 थी। 25 मई को यह घटकर 15.83 फीसदी रह गई है। इस अंतराल के बीच करीब 11 फीसदी की कमी दर्ज की गई।
अप्रैल और मई महीने में प्रदेश के अन्य जिलों की अपेक्षा पांच जिले कोरोना से प्रभावित रहे हैं। इसमें जिला कांगड़ा, मंडी, शिमला, ऊना और हमीरपुर शामिल हैं। अब इन जिलों में पहले की अपेक्षा कोरोना के कम मामले आ रहे हैं। ज्यादातर मरीज इन्ही जिलों में ठीक भी हो रहे हैं। लोगों के ठीक होने से प्रदेश में कोरोना रिकवरी रेट में भी सुधार आया है।
मृत्यु दर में कमी न आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ी हुई हैं। प्रतिदिन 60 से ज्यादा कोरोना संक्रमितों की मौत हो रही है। वहीं, मृत्यु दर 1.52 फीसदी है। प्रदेश सरकार ने कोविड टेक्निकल कमेटी को मौत के कारणों पर स्टडी करने को कहा है। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बीमार होने पर लोग टेस्ट नहीं करवा रहे हैं। ऑक्सीजन लेवल कम होने पर अस्पताल पहुंच रहे हैं। ऐसे में इन लोगों की मौत हो रही है। इसके साथ ही 24 घंटे के भीतर अस्पताल में आ रहे कोरोना गंभीर मरीजों की मौत ज्यादा हो रही हैं।
जनता पर दोहरी मार
प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू बढ़ाने और कोरोना संदिग्धों की टेस्टिंग घटाने से आम आदमी पर दोहरी मार पड़ रही है। इससे एक तो कर्फ्यू ने काम-धंधे चौपट कर रोजी-रोटी के लाले डाल दिए हैं और दूसरी ओर टेस्ट न होने से संक्रमण के बढ़ने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
एक सप्ताह में इतना रहा पॉजिटिविटी रेट
दिनांक टेस्ट पॉजिटिव फीसदी
17 मई 13556 3546 27.46
18 मई 15700 2892 23.78
19 मई 14807 3396 26.44
20 मई 14016 2648 23.84
21 मई 14183 2662 21.92
22 मई 15011 2341 17.35
23 मई 7552 1309 23.49
24 मई 11166 1949 18.29
25 मई 14919 1999 15.83
कुल 120910 22742 18.80
