
शिमला, जसपाल ठाकुर
कोरोना कर्फ्यू के चलते बंद हिमाचल प्रदेश पहली जून से अनलॉक की तरफ बढ़ेगा। प्रदेश की सभी दुकानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने की प्लानिंग तैयार कर ली गई है। कोरोना मामलों में हो रहे सुधार के जारी रहने पर दुकानों के साथ सरकारी दफ्तर भी सशर्त खुल सकते हैं। हालांकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट के चलने पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। व्यापारियों के चौतरफा दबाव के बाद सीएम ने पहली जून से राहत के संकेत दिए हैं। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रणनीति का खाका तैयार कर लिया है।
बुधवार को हिमाचल प्रदेश के व्यापारमंडलों से हुई मंत्रणा के बाद मुख्यमंत्री ने पहली जून से अनलॉक के संकेत दिए हैं। सीएम ने कहा कि इसके लिए चरणबद्ध तरीके से दुकानों को खोला जाएगा। हर तरफ से मिली फीडबैक के आधार पर कोरोना कर्फ्यू को सिर्फ चार दिन के लिए, 31 मई तक बढ़ाया गया है।
चूंकि पहले 26 मई तक बंदिशें जारी थी। कैबिनेट की बैठक से पहले सरकार को कई एजेंसियों से बंदिशों को यथावत बढ़ाने का फीडबैक मिला था। खासकर स्वास्थ्य विभाग मौत के आंकड़ों के आधार पर बंदिशों को बढ़ाने के पक्ष में था। इस कारण कोरोना कर्फ्यू को 31 मई तक बढ़ाया गया है। सीएम ने कहा कि शटर डाउन होने का मतलब कारोबारियों का सारा काम खत्म हो गया। इससे सरकार भी चिंतित है। लिहाजा संक्रमण के मामलों में सुधार होने पर पहली जून से दुकानों को चरणबद्ध तरीके से खोलने पर विचार करेंगे। बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिला है।
इस दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में मिले प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में लागू किए गए कोरोना कर्फ्यू के कारण व्यापारी समुदाय को पेश आ रही परेशानियों के प्रति संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड-19 के मामलों में आई तेजी के दृष्टिगत राज्य तथा प्रदेशवासियों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने इस माह की 31 तारीख तक पूरे प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू लगाने का निर्णय लिया है।
गत कुछ दिनों के दौरान कोविड-19 के मामलों की संख्या में काफी गिरावट दर्ज की गई है। इसलिए प्रदेश सरकार इस माह की 31 तारीख के बाद धीरे-धीरे तथा चरणबद्ध ढंग से अनलॉक की प्रक्रिया पर विचार कर सकती है, बशर्ते कोविड-19 के मामलों में निरंतर कमी आए। मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में प्रदेश सरकार को भरपूर सहयोग प्रदान करने के लिए व्यापार मंडल के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
