हिमाचल के चंबा में अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा पर बालू क्षेत्र में पथराव का आरोप लगा है, दो वाहनों को आग लगाने के प्रयास की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
चम्बा – भूषण गुरुंग
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला मुख्यालय के बालू क्षेत्र में सोमवार रात अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा के साथ कथित हमले का मामला सामने आया है।
आरोप है कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पथराव किया और उनके दो वाहनों को आग लगाने का प्रयास भी किया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
स्कूटी से घर लौटते समय हुआ पथराव
गोपाल सिंह कुकरेजा के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह स्कूटी पर सवार होकर चंबा शहर से अपने घर परेल लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह बालू क्षेत्र के पास पहुंचे तो कुछ अज्ञात लोगों ने अचानक उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वह घबरा गए और किसी तरह मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। अपनी शिकायत में गोपाल सिंह ने दो लोगों पर संदेह जताया है और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और पथराव की घटना में कौन लोग शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मंडी परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा पर उठाए सवाल
गोपाल सिंह कुकरेजा ने इस घटना की जानकारी एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर को भी दी है। उन्होंने मंडी परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकारी परिसर में खड़े वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
डीएसपी चंबा बलदेव दत्त के बोल
वहीं, डीएसपी चंबा बलदेव दत्त ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है और उसके आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

