टूर्नामेंट से लौट रहा था हमीरपुर का छात्र, बस की खिड़की से सिर निकालते ही हुआ दर्दनाक हादसा

--Advertisement--

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से अंडर-19 टूर्नामेंट खेलने कुपवी गया छात्र लौटते समय हादसे का शिकार हो गया, बस की खिड़की से सिर बाहर निकालना उसके लिए जानलेवा साबित हुआ और उसकी मौत हो गई।

हिमखबर डेस्क

स्कूल के खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर घर लौट रहे 17 साल के आयुष को शायद अंदाजा भी नहीं था कि सफर के दौरान एक पल की घटना उसकी जिंदगी छीन लेगी। शिमला जिले के कुपवी में बुधवार शाम निजी बस में सफर कर रहे हमीरपुर जिले के इस स्कूली छात्र का सिर सड़क किनारे लगे एक खंभे से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसे में एक अन्य छात्र भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आयुष पुत्र हुक्म सिंह, निवासी बकारटी, डाकघर मसियाणा, तहसील और जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। उसकी उम्र 17 साल थी। वह स्कूल की ओर से अंडर-19 लड़कों की खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने कुपवी आया था।

पुलिस को दिए बयान में हमीरपुर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के डीपीई नरेश अत्री ने बताया कि वह विद्यार्थियों के साथ निजी बस (HP67A-4487) में कुपवी आए थे। बुधवार शाम करीब पांच बजे प्रतियोगिता पूरी होने के बाद सभी बस में सवार होकर हमीरपुर लौट रहे थे।

इसी दौरान कुपवी से हरिपुरधार की ओर करीब तीन किलोमीटर आगे आयुष ने उल्टी करने के लिए बस की खिड़की से सिर बाहर निकाला। तभी उसका सिर सड़क किनारे लगे धातु के खंभे से टकरा गया। टक्कर से उसे सिर में गंभीर चोट लगी और बस की खिड़की का शीशा भी टूट गया। हादसे में 16 वर्षीय अरुण, पुत्र संजीव कुमार, निवासी कुरियाणी डाकघर एवं तहसील गलोड़ जिला हमीरपुर भी घायल हो गया।

दोनों घायल छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुपवी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल छात्र की मेडिकल जांच की गई है। मृतक का पोस्टमार्टम वीरवार को शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में कराया जाएगा।

पुलिस ने इस मामले में कुपवी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 281, 125 और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी में बस चालक कपिल शर्मा निवासी चायल डाकघर जनैड़घाट, तहसील कंडाघाट जिला सोलन, और बस परिचालक कुनाल निवासी टिक्कर, डाकघर डिडवीं जिला हमीरपुर, की लापरवाही को हादसे का कारण बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर, कुपवी उपमंडल का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे चौपाल के एसडीएम हेमचंद वर्मा ने मृतक छात्र की टीम के प्रभारी को 25 हजार रुपए की फौरी राहत दिए जाने की जानकारी दी है। हादसे से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आए विद्यार्थियों और उनके साथ मौजूद लोगों में शोक है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

अस्पताल में डिलीवरी के दौरान नवजात की टूटी टांग, पिता ने लगाए लापरवाही के आरोप

हिमाचल प्रदेश के एक क्षेत्रीय अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी...

हिमाचल पुलिस को सलाम! भारी बर्फबारी में फंसे पर्यटकों के लिए देवदूत बनी पुलिस, 100 वाहन निकाले

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के कारण...