हिमाचल प्रदेश के रोहतांग घूमने आए एक छात्र की ढांक से गिरकर मौत हो गई, जानकारी के अनुसार, फोटो खिंचवाते समय यह हादसा पेश आया।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में रोहतांग दर्रे में घूमने आया स्कूली छात्र हादसे का शिकार हो गया। छात्र ढांक से गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है गाजियाबाद से स्कूली छात्रों का दल मनाली घूमने आया था। मंगलवार को छात्रों का दल रोहतांग पास घूमने गया था, इस दौरान एक छात्र हादसे का शिकार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्रुप ने मनाली के अन्य पर्यटन स्थलों में घूमने के बाद मंगलवार को बर्फ से ढके रोहतांग दर्रे पर घूमने का कार्यक्रम बनाया था। रोहतांग से पहले ही छात्र फोटो खींचने के लिए रुक गए, सभी बच्चे फोटोग्राफी कर रहे थे। इस दौरान यह बच्चा फोटो लेने ढांक के किनारे चला गया और अचानक पांव फिसलने से छात्र गहरी खाई में जा गिरा, जिसकी दर्दनाक मौत हो गई।
डीएसपी केलांग केडी शर्मा के बोल
डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि रोहतांग घूमने आए एक पर्यटक छात्र की मौत होने की सूचना मिली है। फोटो खिंचवाते हुए वह हादसे का शिकार हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है।
हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

