फलाचन नदी में आपदा के दौरान बहा दोगड़ा पुल एक वर्ष बीतने के बाद भी दोबारा नहीं बन पाया है, मशियार पंचायत के तीन गांवों के सैकड़ों लोग पुल न होने से परेशान हैं, ग्रामीणों ने सरकार से फलाचन नदी पर दोगड़ा पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है।
तीर्थन घाटी गुशैनी – परस राम भारती
जिला कुल्लू उपमंडल बंजार में तीर्थन घाटी की दुर्गम ग्राम पंचायत मशियार में दोगड़ा पुल का निर्माण कार्य न होने से क्षेत्र के करीब 600 लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कमेडा, मंझली और मशियार गांवों को जोड़ने वाला यह वाहन योग्य वैली ब्रिज 13 अगस्त 2025 को भारी बारिश के कारण फलाचन नदी में बह गया था। पुल टूटने के 14 महीने बाद भी इसके निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम न उठाए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
दोगड़ा पुल मशियार पंचायत की करीब आधी आबादी के लिए आवागमन का प्रमुख साधन था। पुल बह जाने के बाद से इन गांवों के लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बठाहड़ स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी नदी पार करके आना-जाना पड़ता है।
फिलहाल नदी में पानी का स्तर कम होने के कारण कुछ वाहन भी नदी के रास्ते से गुजर रहे हैं, लेकिन पानी बढ़ने पर यह रास्ता बंद हो जाएगा। ऐसे में कमेडा, मंझली और मशियार गांवों का संपर्क प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल के लिए अभी तक न तो निर्माण स्थल का चयन किया गया है और न ही इसकी नींव रखने का काम शुरू हुआ है। बरसात में बह चुके इस पुल का पुनर्निर्माण समय पर न होने से क्षेत्र के लोगों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
नदी में पानी कम, फिर भी निर्माण कार्य शुरू नहीं.
स्थानीय ग्रामीणों पूर्व उपप्रधान प्रकाश ठाकुर, वार्ड सदस्य प्रेम सिंह, पूर्व वार्ड सदस्य भाग सिंह, लाल चंद, हेत राम, अमर भारती, दलीप सिंह, मेघ सिंह, धर्म चंद, हीरा लाल, दरबारी लाल और ढेवा राम सहित अन्य लोगों ने कहा कि दोगड़ा पुल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाना चाहिए। वर्तमान में नदी में पानी का स्तर कम है, इसलिए पुल की नींव और फाउंडेशन का काम शुरू करने के लिए यह उचित समय है।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि आने वाले महीनों में नदी का जलस्तर बढ़ने और बरसात शुरू होने से निर्माण कार्य करना मुश्किल हो सकता है। यदि समय रहते काम शुरू नहीं किया गया तो लोगों को एक बार फिर लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
सरकार और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग.
ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार, उपायुक्त कुल्लू और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि दोगड़ा पुल के निर्माण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि तीन गांवों के लोगों, विद्यार्थियों और अन्य जरूरतमंदों की सुविधा के लिए बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया कि बिना देरी किए निर्माण स्थल का चयन कर पुल की फाउंडेशन का काम शुरू करवाया जाए, ताकि नदी का जलस्तर बढ़ने से पहले निर्माण कार्य आगे बढ़ सके और क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।

