NIT हमीरपुर के हॉस्टल में एक युवक के घुसने और कैश, मोबाइल व लैपटॉप चोरी करने का मामला सामने आया है, बताया जा रहा है कि युवक खुद को IIT मंडी का छात्र बता रहा था, मामले की जांच जारी है।
हिमखबर डेस्क
एनआईटी हमीरपुर के हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल में एक अज्ञात युवक जा घुसा। छात्रों के कमरों से पैसे चोरी करने के आरोप में युवक पकड़ा गया है। युवक की पहचान आदित्य चौधरी निवासी ई-48, ब्लॉक-ई, ओम विहार, फेज-5, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
वह हिमगिरि छात्रावास के कमरा नंबर जी-54 से बाहर निकलते समय छात्रावास परिचारक की नजर में आया। पूछताछ के दौरान वह खुद को आइआइटी मंडी का विद्यार्थी बता रहा था। बाद में पूछताछ में उसने हिमगिरि के साथ उदयगिरि छात्रावास में भी विद्यार्थियों के कमरों से पैसे चोरी करने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 21,510 रुपये की नकदी, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आइआइटी मंडी का पहचान पत्र, काले रंग का रेडमी मोबाइल फोन, एचआरटीसी बस टिकट, एसस का लैपटॉप और पिट्ठू बैग बरामद हुआ है।
पुलिस थाना सदर हमीरपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दिए बयान में जनयानकड़, तहसील व जिला कांगड़ा निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि वह एनआइटी हमीरपुर के हिमगिरि छात्रावास में छात्रावास परिचारक के तौर पर काम करता है।
29 सितंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे वह अपने साथी तेज कुमार, जो मैस प्रबंधक हैं, के साथ छात्रावास के अंदर निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान कमरा नंबर जी-54 के पास एक अजनबी युवक कमरे से बाहर निकलता दिखा।
गुरभाग सिंह ने युवक से नाम और पता पूछा तो उसने अपना नाम आदित्य चौधरी बताया। पूछताछ करने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद दोनों उसे एमएमसीए कार्यालय लेकर गए। वहां आदित्य खुद को आइआइटी मंडी का विद्यार्थी बता रहा था। इसी दौरान एमएमसीए कार्यालय में सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान भी पहुंच गए और उन्होंने भी आदित्य से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आदित्य ने हिमगिरि और उदयगिरि छात्रावास में पैसे चोरी करने की बात स्वीकार की। इस दौरान वहां करीब तीन-चार विद्यार्थी भी पहुंचे और उन्होंने बताया कि उनके कमरों में भी चोरी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस के अनुसार आदित्य चौधरी ने दोनों हॉस्टल में विद्यार्थियों के कमरों से पैसे चोरी किए हैं। पुलिस ने आदित्य चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी बलबीर सिंह ने की है।

