Home अपराध BREAKING NEWS: हिमाचल में CISF जवान की फायरिंग से हड़कंप, कमांडेंट समेत...

BREAKING NEWS: हिमाचल में CISF जवान की फायरिंग से हड़कंप, कमांडेंट समेत 4 की मौत; 15-15 गोलियां मारने का दावा

1133

हिमाचल में CISF जवान की फायरिंग में असिस्टेंट कमांडेंट समेत चार जवानों की मौत की खबर है, घटना के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

चम्बा – भूषण गुरुंग

जिला चंबा के खैरी क्षेत्र से सटे जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के बसोहली क्षेत्र के माश्का स्थित सेवा-2 पावर प्रोजेक्ट में मंगलवार को सीआईएसएफ के एक जवान ने अपने ही साथियों पर फायरिंग कर दी। घटना में चार जवानों की मौत हो गई। मृतकों में असिस्टेंट कमांडेंट, सब इंस्पेक्टर और दो कांस्टेबल शामिल हैं। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परियोजना की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ जवान ने साथियों पर गोली चला दी। फायरिंग में घायल जवानों को उपचार के लिए एनएचपीसी चमेरा-1 खैरी अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफीक अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ चंबा पुलिस की टीम भी सक्रिय हो गई।

डीएसपी डलहौजी के नेतृत्व में पुलिस दल खैरी अस्पताल पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल तथा आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन की टीम के भी खैरी पहुंचने की सूचना है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए बसोहली ले जाने की तैयारी है।

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के बोल

पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद घायल जवानों को खैरी अस्पताल पहुंचाया गया। डीएसपी डलहौजी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चिकित्सकों ने चारों जवानों को मृत घोषित कर दिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here