नेपाल में भीषण आपदा के बाद हालात बेहद गंभीर हैं। अब तक 900 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि 3000 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
हिमखबर डेस्क
नेपाल में आई भीषण बाढ़ में मौतों का आंकड़ा 900 पार हो गया है। अब तक जो आंकड़ा सामने आया है, उसमें 903 लोगों के मरने की पुष्टि हुई है, जबकि 3 हजार से ज्यादा लापता हैं। हालांकि बचाव अभियान अभी भी जारी है और मलबे में जिंदगी की तलाश की जा रही है।
नेपाल सरकार का कहना है कि उसकी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना, लापता लोगों का पता लगाना, सुरंगों और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार अब तक 886 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। लापता लोगों में करीब 400 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। अभी भी आधा दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं में करीब 933 कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका है।
फिर बढ़ा भोटेकोशी नदी का जलस्तर
इस बीच नेपाल में भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढऩे के बाद स्थानीय लोगों को मोबाइल फोन पर नए बाढ़ अलर्ट भेजे गए हैं। चीन के अधिकारियों ने नेपाल के संबंधित अधिकारियों को नदी के ऊपरी इलाकों में पानी का बहाव बढऩे की जानकारी दी है। अधिकारियों ने नुवाकोट और रसुवा जिलों में अचानक बाढ़ का उच्च खतरा भी जताया है।
598 भारतीय सुरक्षित
पिछले दो दिनों में 598 भारतीय नागरिक चीन से सुरक्षित रूप से नेपाल पहुंचे हैं। चीन में स्थानीय सरकारी सूत्रों के अनुसार, रीब 900 भारतीय नागरिक अभी भी चीन की ओर हैं, लेकिन वे सुरक्षित हैं और उनसे संपर्क किया जा सकता है।



