राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर NIT हमीरपुर में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से संवाद किया और उन्हें खेल, फिटनेस तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
हिमखबर डेस्क
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), जिला हमीरपुर द्वारा आज राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) हमीरपुर में विशेष ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को खेल, खेल विकास, युवा नेतृत्व, शासन में युवा भागीदारी और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित युवाओं ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के वर्चुअल संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने देशभर के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए युवा शक्ति की भूमिका और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।
देशभर में लगभग 1600 विभिन्न स्थानों पर 8 लाख से अधिक युवाओं को इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन से जोड़ा गया। इसी कड़ी में NIT हमीरपुर में भी MY Bharat वॉलंटियर्स, विद्यार्थियों और युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर राष्ट्रीय युवा संवाद का हिस्सा बनाया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी, MY Bharat हमीरपुर, श्रीमती दीपमाला ठाकुर, प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी, निदेशक, NIT हमीरपुर, डॉ. अर्चना संतोष नानोटी, रजिस्ट्रार, NIT हमीरपुर तथा डॉ. पवन कुमार, डीन स्टूडेंट वेलफेयर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त खेलो इंडिया से जुड़ी एथलीट सुहानी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय युवा संवाद रहा। इसमें MY Bharat वॉलंटियर्स, विद्यार्थियों, स्थानीय खिलाड़ियों तथा उपस्थित अतिथियों के बीच संवाद हुआ। युवाओं को अपने विचार, सुझाव, अनुभव, आकांक्षाएं और खेलों से जुड़े अपने मुद्दे साझा करने का अवसर मिला।
युवा संवाद के दौरान देश में विकसित हो रहे स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं एवं कोचिंग के विस्तार, खेल प्रतिभाओं की पहचान, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने तथा 2036 ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही युवा नेतृत्व, गवर्नेंस में युवाओं की भागीदारी, युवाओं के सशक्तिकरण और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया। युवाओं ने खेलों को करियर के रूप में अपनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध करवाने से संबंधित अपने सुझाव भी साझा किए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज भारत में खेलों के प्रति युवाओं की रुचि तेजी से बढ़ रही है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और फिटनेस का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का भी महत्वपूर्ण साधन हैं। खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर पहचानकर उन्हें प्रशिक्षण और उचित संसाधन उपलब्ध करवाना आवश्यक है।
इस अवसर पर युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसरों की जानकारी भी दी गई। MY Bharat के माध्यम से युवाओं को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल एवं राष्ट्र निर्माण गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में नशा मुक्त यु के ऊपर सभी युवाओं को सपत भी दिलाई गई ।
जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और रचनात्मक सोच को सही दिशा देकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ‘युवा कनेक्ट’ जैसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपनी बात रखने और अपने सुझाव साझा करने का मंच प्रदान करते हैं। खेलों के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नेतृत्व, स्वयंसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ना भी आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने, फिटनेस पर ध्यान देने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को मनाया जाता है। इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के व्यापक संदेश को युवाओं तक पहुंचाने के लिए 27 अगस्त को देशभर में युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
NIT हमीरपुर में आयोजित ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम ने युवाओं को खेलों के साथ-साथ नेतृत्व, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के अंत में युवाओं से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में खेल एवं युवा गतिविधियों में भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।

