शाहपुर – कोहली
कांग्रेस संगठन में शाहपुर क्षेत्र के वरिष्ठ नेता अश्वनी चौधरी को जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा का सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
अश्वनी चौधरी लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इससे पूर्व वह शाहपुर पंचायत के उपप्रधान, शाहपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के उपाध्यक्ष के रूप में भी दायित्व निभा चुके हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव नियुक्त किए जाने पर अश्वनी चौधरी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

