हिमाचल प्रदेश के ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत। कर्मचारियों को इसी माह 20 हजार रुपये एरियर का भुगतान किया जाएगा, इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों के लिए अगस्त का महीना राहत लेकर आया है। लंबे समय से वेतन संशोधन के एरियर का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के खातों में अब 20 हजार रुपए नकद एरियर आने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त को हमीरपुर के बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में इसकी घोषणा की थी। घोषणा के तीन दिन बाद वित्त विभाग ने भुगतान के संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। यानी अब मुख्यमंत्री की घोषणा सिर्फ ऐलान नहीं रही, इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
वित्त (वेतन पुनरीक्षण) विभाग की ओर से मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार हिमाचल प्रदेश सिविल सेवा (संशोधित वेतन) नियम, 2022 के तहत वेतनमान संशोधन से बनने वाले एरियर में से नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को अगस्त 2026 के दौरान 20 हजार रुपए नकद दिए जाएंगे। वित्त विभाग के विशेष सचिव (वित्त) सौरभ जस्सल ने यह आदेश जारी किया है।
आदेश में कहा गया है कि राज्यपाल ने 1 जनवरी 2016 से प्रभावी वेतनमान संशोधन के कारण देय एरियर के भुगतान को मंजूरी दी है। यह आदेश वित्त विभाग की ओर से 17 सितंबर 2022 और 19 अक्टूबर 2024 को जारी किए गए पहले के आदेशों के क्रम में है। एरियर की बाकी राशि और भुगतान से जुड़ी अन्य शर्तें पहले जारी नियमों के अनुसार ही रहेंगी। इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वित्त विभाग का यह आदेश सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को भेजा गया है। इससे संबंधित विभागों में कर्मचारियों को 20 हजार रुपए की राशि जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। सरकार के इस फैसले से उन नियमित ग्रुप-डी कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो वेतन संशोधन के बाद बनने वाले एरियर का इंतजार कर रहे थे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वतंत्रता दिवस पर बड़सर में कहा था कि ग्रुप-डी कर्मचारियों को इसी महीने वेतन एरियर के रूप में अतिरिक्त 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। अब वित्त विभाग के आदेश के बाद अगस्त में इस राशि के भुगतान का रास्ता साफ हो गया है।

