हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्लू के आउटर सिराज क्षेत्र में घर पर गर्भपात के बाद नाबालिग की तबीयत बिगड़ गई। स्वजन ने शुक्रवार को आधी रात उसे रामपुर स्थित एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
शुक्रवार रात करीब 12:20 बजे स्वजन गंभीर हालत में नाबालिग को रामपुर स्थित एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल लेकर पहुंचे। पूछताछ के दौरान स्वजन ने बताया कि शाम करीब पांच बजे घर पर ही उसका गर्भपात हो गया था।
शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़िता के साथ दुष्कर्म उसके ही गांव के एक व्यक्ति ने किया था, जिसके कारण वह गर्भवती हुई। इसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
क्या कहते हैं एसपी कुल्लू
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल का कहना है कि आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।

