हिमाचल में भारी बारिश में स्कूलों में छुट्टी पर टीचर्स भी नहीं आएंगे, शिक्षा मंत्री ने किया ऐलान

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच प्रदेश सरकार ने स्कूलों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन को अहम जिम्मेदारी सौंपी है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया है कि मौसम खराब होने की स्थिति में स्कूल बंद करने का निर्णय संबंधित जिलों के उपायुक्त लेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी।

शुक्रवार को प्रदेश के दो जिलों में भारी बारिश के कारण स्कूल बंद किए जाने के बाद शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार करीब दो वर्ष पहले ही इस संबंध में नीति तय कर चुकी है। अब पूरे राज्य में एक साथ छुट्टी घोषित करने के बजाय जिला स्तर पर स्थानीय मौसम की परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल के सभी जिलों की भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में एक समान आदेश जारी करना व्यावहारिक नहीं है। इसलिए संबंधित जिलाधीश समय रहते मौसम की स्थिति का आकलन कर स्कूल बंद करने का फैसला लें, ताकि विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस संबंध में सभी जिलाधीशों को निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।

उधर, रोहित ठाकुर ने स्पष्ट किया कि जिस जिले में स्कूल बंद करने का आदेश जारी होगा, वहां केवल विद्यार्थियों की ही नहीं बल्कि शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भी छुट्टी रहेगी। इससे भ्रम की स्थिति नहीं रहेगी और सभी पर समान रूप से आदेश लागू होंगे।

भर्तियों को लेकर बड़ा दावा

शिक्षा विभाग में चल रही भर्ती प्रक्रिया को लेकर शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में अब तक करीब 8 हजार नियुक्तियां पूरी कर ली हैं, जबकि करीब 2 हजार नियुक्तियां विभिन्न चरणों में प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने बताया कि 400 असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों का प्रस्ताव हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग को भेजा जा चुका है।

सरकार का लक्ष्य मौजूदा कार्यकाल समाप्त होने तक करीब 11 हजार नियुक्तियां पूरी करना है। विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसी को इन आंकड़ों पर संदेह है तो वह सूचना के अधिकार के तहत पूरी जानकारी प्राप्त कर सकता है।

150 सीबीएसई स्कूलों में जल्द होगी नियुक्तियां

प्रदेश के सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने की प्रक्रिया पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि 150 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इन स्कूलों में पहले चरण में प्रिंसिपलों की नियुक्ति की जाएगी, इसके बाद शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और प्रिंसिपलों की नियुक्ति के साथ ही नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

हिमाचल में AI यूनिवर्सिटी की तैयारी

प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) यूनिवर्सिटी स्थापित करने की संभावनाओं पर रोहित ठाकुर ने कहा कि बदलते दौर और नई तकनीकों की जरूरत को देखते हुए सरकार इस दिशा में शुरुआती स्तर पर विचार कर रही है। फिलहाल यह प्रस्ताव प्रारंभिक चर्चा के चरण में है और विभिन्न पहलुओं पर मंथन जारी है।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

सिरमौर में बारिश का कहर, औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब जलमग्र, स्कूलों में कल छुट्टी

हिमखबर डेस्क हिमाचल में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।...

बारिश और बर्फबारी में भी आरामदायक होगी हिमाचल प्रदेश पुलिस की नई कॉम्बैट वर्दी

हिमखबर डेस्क विपरीत मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में ड्यूटी...

आनी के बुआंदा में पहाड़ से गिरे पत्थर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

हिमखबर डेस्क कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शुक्रवार दोपहर...