शाहपुर – नितीश पठानियां
द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रैत में गुरुवार को बीसीए, बीबीए एवं बी.कॉम. के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘शुभारंभ-2026’ का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम की थीम “सशक्त परिवर्तन, नवाचार को गति एवं उत्कृष्टता के लिए प्रेरणा” रही। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन से हुआ।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि प्रो. प्रदीप चौकसे, प्रोफेसर एवं डीन (प्रभारी), स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश, धर्मशाला ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।
प्राचार्य डॉ. परवीन कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, मूल्य आधारित शिक्षा तथा वर्तमान समय में उपलब्ध नए करियर अवसरों की जानकारी साझा की।
बीसीए विभागाध्यक्ष सहायक प्रोफेसर राजेश राणा तथा बीबीए विभागाध्यक्ष सहायक प्रोफेसर वितिका महाजन ने अपने-अपने विभागों के संकाय सदस्यों का परिचय कराया।
वहीं छात्र प्रतिनिधि आनिया (बीसीए तृतीय सेमेस्टर) एवं प्रांजल (बीबीए तृतीय सेमेस्टर) ने अपने अनुभव साझा करते हुए नए विद्यार्थियों को कॉलेज जीवन में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. चंदर प्रकाश, सहायक प्रोफेसर, आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी, कपूरथला ने विद्यार्थियों से जिज्ञासु बनने, आलोचनात्मक सोच विकसित करने तथा निरंतर कौशल विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया।
कॉलेज के कार्यकारी निदेशक डॉ. बी.एस. पठानिया ने कहा कि कॉलेज की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न क्लबों एवं प्रकोष्ठों की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं रोजगारोन्मुख कौशल विकसित करने का आग्रह किया।
मुख्य अतिथि प्रो. प्रदीप चौकसे ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सफलता के लिए सीखने की निरंतर इच्छा, लक्ष्य के प्रति स्पष्टता, अनुशासन, नियमित अभ्यास तथा जीवन और तकनीकी कौशल का संतुलित विकास आवश्यक है। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उभरते करियर अवसरों एवं भविष्य की संभावनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के समापन पर बी.कॉम. विभागाध्यक्ष सहायक प्रोफेसर रजत शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने बी.एड., बीसीए, बीबीए एवं बी.कॉम. संकाय सदस्यों के साथ संवाद कर छात्र सहभागिता, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों तथा बदलते करियर परिदृश्य पर चर्चा की।
उन्होंने शिक्षकों को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहकर विषय में गहन विशेषज्ञता और समर्पण के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने का संदेश दिया।
अंत में सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि एवं शिक्षकों के साथ सामूहिक छायाचित्र खिंचवाया तथा जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

