शाहपुर – नितिश पठानियां
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत में आज विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) की जनरल हाउस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य शमशेर भारती ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में 200 से अधिक अभिभावकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
बैठक के दौरान विद्यालय के शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने, छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी साझा करने एवं भविष्य की शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य आकर्षण नई विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव रहा, जिसमें अभिभावकों ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत, सर्वसम्मति से अश्वनी कुमार को विद्यालय प्रबंधन समिति का प्रधान तथा अंजू देवी को उप-प्रधान के पद पर चुना गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शमशेर भारती ने नव-नियुक्त एसएमसी कार्यकारिणी को बधाई दी। उन्होंने अपने संबोधन में विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित कार्यकारिणी विद्यालय के सर्वांगीण विकास और बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रधानाचार्य ने समिति के सभी सदस्यों से विद्यालय के सुचारू संचालन एवं उत्थान के लिए पूर्ण सहयोग की कामना की।

