विधायक केवल सिंह पठानियां ने दी बधाई, आदर्श स्थानीय निकाय के लिए करें काम
शाहपुर – नितिश पठानियां
नगर पंचायत शाहपुर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए शुक्रवार देर सांय को आयोजित बैठक में चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई, जिसमें बबीता को अध्यक्ष तथा राजीव पटियाल को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया हालांकि अध्यक्ष पद का ताज बबीता की जीत के साथ ही उसके सर सज गया था क्योंकि चुनाव से पहले ही अध्यक्ष पद अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित था।
शुक्रवार को शपथ समारोह के तुरंत बाद उपाध्यक्ष पद हेतु कवायद शुरू हुई जिसे स्थानीय विश्राम गृह में अंजाम दिया गया। जिसमें वार्ड नंबर एक तथा वार्ड नंबर दो से मनोनीत पार्षदों ने उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी अपनी असहमति जाहिर की।
वार्ड नंबर 5 से राजीव पटियाल और छह से नितिन कौशल ने अपना अपना नाम उपाध्यक्ष पद के लिए प्रेषित किया जिस पर दोनों को आपसी सहमति की सलाह दी गई। अंत में राजीव पटियाल को उपाध्यक्ष पद से मनोनीत किया गया।
इस दौरान वार्ड नंबर 4 से मनोनीत पार्षद प्रीति परिहार ने भी अपना पक्ष उपाध्यक्ष पद हेतु रखा परंतु सहमति के नाम पर उसने भी अपना नाम वापिस ले लिया यह प्रक्रिया लिखित नहीं बल्कि मुख्य जवान ही हो रही थी। यह सारी प्रक्रिया उपमंडल अधिकारी नागरिक शाहपुर डॉक्टर गणेश ठाकुर की अध्यक्षता में पूर्ण हुई।
इस अवसर पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां ने नव निर्वाचित अध्यक्ष बविता और उपाध्यक्ष राजीव पटियाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि दोनों जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में शाहपुर नगर पंचायत विकास की नई इबारत लिखेगी तथा क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक केवल सिंह पठानियां ने आशा व्यक्त की कि नगर पंचायत की पूरी टीम आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शाहपुर के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगी तथा नगर पंचायत को आदर्श स्थानीय निकाय के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानियां की नगर पंचायत शाहपुर में हुए विकास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उन्हें भी उनका मार्गदर्शन ऐसे ही मिलता रहेगा।

