हिमखबर डेस्क
1 एच पी नेवल यूनिट एनसीसी, बिलासपुर द्वारा शिवा इंटरनेशनल स्कूल, घुमारवीं में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का छठा दिन विविध प्रशिक्षण एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में भाग ले रहे कैडेट्स ने पूरे जोश एवं अनुशासन के साथ दिनभर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।
दिन की शुरुआत 200 जूनियर विंग कैडेट्स की वॉकाथॉन से हुई। इस गतिविधि का उद्देश्य कैडेट्स में शारीरिक फिटनेस, सहनशीलता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। वॉकाथॉन में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय दिया।
दोपहर के सत्र में कैडेट्स के लिए विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण कक्षाओं का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त कैडेट्स को फायरिंग प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिसमें उन्हें हथियारों के सुरक्षित संचालन, निशानेबाजी की मूलभूत तकनीकों तथा सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। कैडेट्स ने फायरिंग अभ्यास में विशेष रुचि दिखाई और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसके उपरांत शिविर में रस्साकशी प्रतियोगिता, विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा क्विज प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स की रचनात्मकता, सामान्य ज्ञान, प्रतिस्पर्धात्मक भावना एवं टीम वर्क को प्रोत्साहित किया गया।
शाम के समय आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के अंतर्गत कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल में भाग लिया। गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के अभ्यास के दौरान कैडेट्स की प्रतिभा एवं आत्मविश्वास देखने योग्य रहा।
कैम्प कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कैडेट्स के उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी शिविर का उद्देश्य युवाओं के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि खेलकूद, फायरिंग, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा राष्ट्र सेवा की भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी कैडेट्स को प्रत्येक गतिविधि में पूर्ण समर्पण के साथ भाग लेने तथा शिविर से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
पूरे दिन शिविर परिसर में उत्साह, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना रहा तथा कैडेट्स ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

