हिमखबर डेस्क
एनडीपीएस मामले में विचाराधीन कैदी को पेशी भुगतने के बाद दोबारा जेल में पहुंचने पर 13.62 ग्राम नशीले पाउडर के साथ पकड़ा गया। आरोपी के जेल में पहुंचने पर कारागार कर्मियों ने गेट पर तलाशी के दौरान नशीले पाउडर को बरामद किया। आरोपी ने नशीले पाउडर की पुड़िया को अपने गुप्तांग में छिपाकर रखा था।
नशीला पाउडर मिलने पर पुलिस थाना को कारागार प्रबंधन ने सूचित किया, जिस पर आरोपी के खिलाफ जेल अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। धर्मशाला जेल में राहुल उर्फ हैप्पी निवासी चलवाड़ा, फतेहपुर पुलिस थाना में 7 अप्रैल 2026 को 6.34 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े मामले में विचाराधीन होने के चलते बंद है। इस दौरान आरोपी के अन्य दो साथी भी गिरफ्तार हुए थे।
इसी मामले को लेकर आरोपी हैप्पी को बुधवार को जवाली न्यायालय में पेशी के लिए ले जाया गया था। अदालत में पेशी के बाद बुधवार शाम को आरोपी दोबारा जेल लाया गया। जेल में प्रवेश के दौरान ही मुख्य द्वार पर स्थित कर्मचारियों ने आरोपी की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी की ओर से गुप्तांग में एक पुड़िया छिपा रखी थी। इसकी जांच करने पर इसमें पाउडर बरामद हुआ। इसको कब्जे में लेकर पुलिस थाना को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने नशीले पाउडर को कब्जे में लेकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा गया है।
जेल अधीक्षक जिला कारागार धर्मशाला विकास भटनागर के बोल
जेल अधीक्षक जिला कारागार धर्मशाला विकास भटनागर ने बताया कि पेशी से वापस आए विचाराधीन कैदी से नशीला पाउडर बरामद हुआ है। इस बारे पुलिस में शिकायत दी गई है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न के बोल
उधर, एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि धर्मशाला जेल में विचाराधीन कैदी से 13.62 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

