मातम में बदलीं शादी की खुशियां, नदी में नाव पलटने से 6 लोग डूबे, तीन शव मिले, 3 लापता

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र में यमुना नदी में नाव पलटने से लापता हुए छह लोगों में से महिला समेत तीन के शव गुरुवार को बरामद कर लिए गए, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। नाव में कुल नौ लोग सवार थे जिनमें से तीन लोगों को बचा लिया गया था। कुतुबपुर पटिया गांव के पास हुये हादसे के बाद नदी में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों द्वारा सर्च अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने बताया कि कुतुबपुर पटिया गांव निवासी देशराज निषाद की नातिन की शादी समारोह के बाद बुधवार शाम कुछ रिश्तेदार यमुना नदी के बीच रेत वाले हिस्से में खरबूजा खाने के लिए नाव से गए थे।

वापस लौटते समय नाव में रिंकू, पारुल पुत्री बउआ, रानी (9) पुत्री बच्चन, आकांक्षा (8) पुत्री रामहित निवासी जलाला, वृजरानी (35) पत्नी पप्पू निवासी मनकी, विष्णु निषाद पुत्र रामस्वरूप, उसका पुत्र लव्यांश तथा कानपुर नगर के घाटमपुर निवासी गोरेलाल सवार थे।

बताया गया कि शाम करीब सात बजे जब नाव बीच धारा में पहुंची तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और नाव डगमगाने लगी। इससे पहले कि लोग संभल पाते, नाव पलट गई और अधिकांश लोग तेज धारा में बह गए। हादसे में पारुल, रिंकू और नाव चला रहा विष्णु निषाद किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि अन्य लोग लापता हो गए। ग्रामीणों ने काफी देर तक अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक तथा जिलाधिकारी अभिषेक गोयल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गुरुवार दोपहर तक एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से वृजरानी पत्नी पप्पू निषाद, आकांक्षा और रानी के शव बरामद कर लिए। अन्य की तलाश जारी है।

चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी सुरेश एस सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल पहुंचकर बचाव कार्य का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाव चला रहा व्यक्ति शराब के नशे में था और मोबाइल फोन पर बातचीत करने के दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

IIM सिरमौर के छात्र की हॉस्टल में मौत, डिप्रेशन से जूझने की बात सामने आई

सिरमौर - नरेश कुमार राधे आईआईएम सिरमौर के धौलाकुआं कैंपस...

युवाओं के लिए सुनहरा मौका! 200 पदों पर भर्ती, इस दिन होगा इंटरव्यू

हिमखबर डेस्क एलआईसी ऑफ इंडिया, सोलन में बीमा सखी के...

अश्वनी चौधरी बने जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा के सचिव, पार्टी ने सौंपी नई जिम्मेदारी

शाहपुर - कोहली कांग्रेस संगठन में शाहपुर क्षेत्र के वरिष्ठ...