हिमखबर डेस्क
ब्लॉक इंदौरा की मलकाना पंचायत के गांव ढसौली में 22 वर्षीय युवक पंकज संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार रात से लापता था, जिसकी गुरुवार को ब्यास नदी के सुरडवां पत्तन में लाश बरामद हुई है। जानकारी अनुसार पंकज उर्फ पंकू सोमवार देर रात को 2 बजे के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी बाइक द्वारा घर से बिना बताए अपनी पशुशाला में चला गया था।
सुबह जब पंकज के चाचा ने पशुशाला में जाकर उसकी गिरी हुई बाइक और चप्पल देखने के बाद खोजबीन करने की कोशिश की, तो उसका कहीं पता नहीं चल पाया। पंकज रात को पशुशाला में क्यों गया यह भी अभी रहस्य बना हुआ है।
लापता युवक पंकज का साइप्रस का वीजा एक दिन पहले ही आया थ तथा उसकी टिकट भी कन्फर्म हो चुकी थी तथा वह विदेश जाने की तैयारी में था, लेकिन फिर लापता हो गया और आज उसकी लाश बरामद हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

