हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। ऊना के बहडाला में छह साल की बच्ची को रस्सी के साथ रेलिंग से बांध दिया गया। मासूम बच्ची का कसूर इतना था कि एक सेवानिवृत फौजी के घर के पास अमरूद के पेड़ से फल तोड़ लिया था।इस मामले का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में घर की सीढ़ियों की रेलिंग से बंधी बच्ची अंकल बचाओ, अंकल बचाओ चिल्लाकर मदद की गुहार लगाती रही। फिलहाल मामले में अभी तक कोई शिकायत पुलिस या प्रशासनिक अधिकारियों तक नहीं पहुंची है।
जानकारी के अनुसार रविवार को बहडाला गांव में नेवी में कैप्टन रोहित जसवाल सड़क से गुजर रहे थे। इस बीच उन्होंने एक रिटायर्ड फौजी के मकान के अंदर से छह वर्षीय बच्ची के रोने और मदद के लिए चिल्लाने की आवाज सुनी। इस बीच जब उसने सीढ़ियों की रेलिंग से कपड़े से बंधी बच्ची को यातना देने का कारण मकान मालिक से पूछा तो उसने अमरूद तोड़ने के आरोप बच्ची पर लगाए।
इस पर बच्ची की मदद के लिए गए रोहित ने इस विषय पर बच्ची संग ऐसा निंदनीय व्यवहार करने के लिए व्यक्ति को कोसा और वीडियो बनाते हुए तत्काल छोड़ने को कहा। रोहित ने बच्ची से पूरी कहानी पूछी तो बच्ची ने स्वयं अमरूद न तोड़ने की बात कही। इस निंदनीय मामले का पूरा वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वाट्सएप ग्रुप्स में शेयर हो रहा है।
चाइल्डलाइन टीम ने लिया संज्ञान
चाइल्ड लाइन टीम ने मामले में संज्ञान लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। चाइल्ड लाइन टीम मौके पर गई व जांच की है। वायरल वीडियो को देखकर हर कोई उक्त रिटायर्ड फौजी द्वारा बच्ची को दी गई सजा की भर्त्सना कर रहा है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची है इस कृत्य की जांच शुरू कर दी है। चाइल्ड लाइन की टीम भी कार्रवाई कर रही है।

