हिमखबर डेस्क
शिलाई क्षेत्र के वीर सपूत एवं एनएसजी कमांडो हवलदार (सेवानिवृत्त) दीप राम को शनिवार को उनके पैतृक गांव ढाड़स में पूरे सैन्य सम्मान के साथ नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, पूर्व सैनिक दीप राम अपने बच्चों की पढ़ाई के सिलसिले में नाहन गए हुए थे। इसी दौरान 2 अप्रैल को दिन में उन्हें अचानक हृदयाघात हुआ। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज नाहन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
4 अप्रैल को उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार पैतृक गांव ढाड़स में सैन्य सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान उनके 8 वर्षीय पुत्र उद्दीश और 31 वर्षीय भतीजे तपेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा के दौरान “दीप राम फौजी अमर रहे” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर उनकी बटालियन 10वीं डोगरा रेजिमेंट के जवानों सहित क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने उन्हें पूरे सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने भी उपस्थित होकर वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
गौरवशाली सैन्य जीवन
दीप राम का जन्म वर्ष 1977 में गिरिपार क्षेत्र के शिलाई उपमंडल के ढाड़स गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1997 में भारतीय सेना की 10वीं डोगरा रेजिमेंट में सिपाही के रूप में भर्ती होकर अपने सैन्य जीवन की शुरुआत की। भर्ती के तुरंत बाद उन्होंने कारगिल युद्ध में भाग लेकर अपने साहस का परिचय दिया।
लगभग 24 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने देश के कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों सियाचिन ग्लेशियर, गलवान घाटी में अपनी सेवाएं दीं। साथ ही, देश के प्रतिष्ठित विशेष बल एनएसजी में कमांडो के रूप में भी कार्य किया। उनका सैन्य जीवन बहादुरी, समर्पण और देशभक्ति का प्रतीक रहा।
परिवार में शोक, क्षेत्र में श्रद्धांजलि
स्वर्गीय दीप राम अपने पीछे पत्नी सरिता देवी, चार बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इन्होने अर्पित की श्रद्धांजलि
इस दौरान हॉनरेरी कैप्टन नारायण सिंह, हॉनरेरी कैप्टन वीरेंद्र तोमर, हितेंद्र नेगी, देवराज शर्मा, जीवन सिंह, बस्ती राम, दिनेश ठाकुर, देवेंद्र देसाई, राजेंद्र सिंह, भगत सिंह, चतर सिंह, दिनेश चौहान, बंटू नेगी, दलीप चौहान, रण सिंह सहित दर्जनों पूर्व सैनिकों और क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। क्षेत्रवासियों ने कहा कि दीप राम की वीरता और देशभक्ति को सदैव याद रखा जाएगा।

