शिमला, 5 मार्च – हिमखबर डेस्क
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा नामित किए जाने पर कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल अनुराग शर्मा के लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण का सम्मान है, बल्कि यह कांग्रेस पार्टी की उस परंपरा को भी दर्शाता है जिसमें जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाता है।
विनय कुमार ने कहा कि अनुराग शर्मा कांग्रेस पार्टी के एक कर्मठ, निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने लंबे समय से संगठन में रहकर पूरी लगन और प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने का कार्य किया है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, संगठनात्मक क्षमता और पार्टी के प्रति ईमानदारी को देखते हुए ही उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी कांगड़ा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा और कुशल नेतृत्व के साथ निभाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कांग्रेस पार्टी में समर्पण, मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान किया जाता है। इससे प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक मजबूत होगा।
विनय कुमार ने इस निर्णय के लिए कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल तथा प्रभारी रजनी पाटिल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके इस निर्णय से प्रदेश के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला है।
उन्होंने कहा कि अनुराग शर्मा एक ऊर्जावान और युवा नेता हैं, जिनकी संगठनात्मक समझ और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता उन्हें संसद में प्रदेश की एक सशक्त और प्रभावी आवाज बनाएगी। उन्हें विश्वास है कि अनुराग शर्मा राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश के हितों, प्रदेश के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएंगे तथा प्रदेश के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि अनुराग शर्मा के संसद में पहुंचने से हिमाचल प्रदेश की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूती से उठेगी तथा प्रदेश के विकास, युवाओं के भविष्य और आम लोगों से जुड़े मुद्दों को नई दिशा मिलेगी। अनुराग शर्मा अपने अनुभव, ऊर्जा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

