हिमखबर डेस्क
जिला कांगड़ा के उपमंडल धर्मशाला के अंतर्गत सुधेड़ गांव में एक महिला द्वारा बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। ‘ब्रजेश्वरी महिला मंडल’ की आड़ में आरोपी महिला कथित तौर पर ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से करीब 20 लाख रुपए की ठगी कर रातों-रात फरार हो गई।
इस घटना से पीड़ित परिवारों की जमा-पूंजी डूब गई है, जिससे कई लोगों के घरों में आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।आरोपी महिला ने करीब एक साल पहले इस मंडल का गठन किया था। शुरुआत में उसने छोटे स्तर पर कमेटी चलाकर कुछ महिलाओं को समय पर भुगतान किया, जिससे ग्रामीणों का उस पर भरोसा बन गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने महिलाओं को अधिक निवेश के लिए प्रोत्साहित किया।
कई ग्रामीणों ने तो अपनी बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य के लिए जेवर गिरवी रखकर और कर्ज लेकर इस चिटफंड में पैसा निवेश किया। जब कमेटी की कुल जमा राशि 20 लाख रुपये के आंकड़े को पार कर गई, तो आरोपी महिला अचानक अपना घर खाली कर फरार हो गई।
पीड़ित महिलाओं में से एक ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर पैसे जमा किए थे, लेकिन अब सब लुट चुका है। दिहाड़ी-मजदूरी करने वाली महिलाओं की मेहनत की कमाई भी इस फ्रॉड की भेंट चढ़ गई है।
प्रियंका शर्मा समेत पीड़ित महिलाओं के एक समूह ने धर्मशाला थाना पहुंचकर आरोपी महिला के खिलाफ सामूहिक शिकायत दर्ज करवाई है। कांगड़ा के एएसपी आरपी जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी महिला की धर-पकड़ के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने एक विशेष एडवाइजरी जारी की है कि बिना किसी सरकारी पंजीकरण और बैंक गारंटी वाली चिटफंड या कमेटियों में पैसा लगाने से बचें। रातों-रात पैसा दुगुना करने जैसी स्कीमों के झांसे में न आएं और निवेश से पहले संस्था की कानूनी वैधानिकता और विश्वसनीयता की पूरी जांच करें।

