चम्बा – भूषण गुरुंग
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा में हुई, जहाँ विद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल कुमार ने पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान के तहत सभी विद्यार्थियों से प्रतिवर्ष कम से कम एक पेड़ लगाने तथा उसकी देखभाल करने का अनुरोध किया। उन्होंने पेड़ लगाने को माँ के प्रति सच्चा प्रेम बताया और इसे भावनात्मक रूप से पर्यावरण से जुड़ने का अनोखा माध्यम कहा।
इस अवसर पर छात्रों के लिए नाटक और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और जागरूकता का उत्कृष्ट समन्वय दिखाया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों एवं विशेषतः विद्यार्थियों की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर इको क्लब प्रभारी अंकुश शर्मा ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में समस्त छात्रों, शिक्षकों और उपस्थित अभिभावकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और अपने दैनिक जीवन में प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने का वचन दिया।

