मंडी – अजय सूर्या
जिला के सुंदरनगर उपमंडल में नाबालिग अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन अब नाबालिग के लापता होने के मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब उसने अपने माता-पिता को व्हाट्सएप पर एक चौंकाने वाला मैसेज भेजा।
लड़की ने इस मैसेज लिखा, “मम्मी-पापा सॉरी, मुझे मत ढूंढना, मैंने शादी कर ली है। मैं अब बहुत दूर जा चुकी हूं और जिससे भी शादी की है, उसके साथ खुश हूं। मुझे मत ढूंढना।” इससे पहले लड़की के लापता होने पर उसके परिजनों ने स्थानीय पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज करवाई थी।
कंप्यूटर सेंटर से सर्टिफिकेट लेने के लिए घर से निकली थी नाबालिग
शिकायत में बताया गया कि हमारी नाबालिग बेटी कंप्यूटर सेंटर में कोर्स के सर्टिफिकेट लेने गई थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। इधर-उधर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो कंप्यूटर सेंटर जाकर जानकारी ली। वहां बताया गया कि वो उस दिन सेंटर आई ही नहीं थी।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारी में बेटी को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वहां से भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद बेटी के गुमशुदा होने की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई। वहीं, शिकायत के अगले दिन लड़की ने अपनी मां के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए मैसेज भेजा, जिससे परिजन और पुलिस दोनों हैरान रह गए। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण के बोल
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि ‘मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या लड़की की शादी उसकी मर्जी से हुई है या कोई उसे बहला-फुसलाकर ले गया गया है। नाबालिग होने के चलते कानूनी दृष्टिकोण से भी जांच जरूरी है।

