शिमला – नितिश पठानियां
अब शिमला के लोग घर बैठे प्लास्टिक वेस्ट को बेचकर पैसे कमा पाएंगे। नगर निगम शिमला ने लोगों से प्लास्टिक वेस्ट खरीदने का फैसला लिया है। लोग गार्बेज कलेक्टर के माध्यम से यह प्लास्टिक का कूड़ा बेच पाएंगे। इसके अलावा सभी वार्डों में गार्बेज कलेक्शन सेंटर भी खोले जाएंगे।
लोगों से प्लास्टिक खरीदने के बाद नगर निगम इसे विभिन्न कार्यों के लिए इस्तेमाल कर सकता है। इसे रीसाइकल किया जा सकता है और कूड़ा संयत्र में बिजली बनाने के लिए भी उपयोग में लाया जा सकता है। इसके साथ ही नगर निगम शिमला कुछ ऐसे हॉटस्पॉट को भी साफ करवाने जा रहा है, जहां लोग अक्सर कूड़ा फेंकते है।
75 रुपए प्रति किलो के अनुसार खरीदा जाएगा प्लास्टिक
नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि नगर निगम शिमला लोगों से प्लास्टिक का कूड़ा खरीदने जा रहा है। इसमें लोग किसी भी प्रकार के प्लास्टिक जैसे दूध, लस्सी, दही, रिफाइंड ऑयल, चिप्स आदि के पैकेट्स को साफ करके नगर निगम को बेच सकते हैं।
नगर निगम इस प्लास्टिक वेस्ट को 75 रुपए प्रति किलो के अनुसार खरीदेगा। लोग नगर निगम के गार्बेज कलेक्टर के माध्यम से इसे बेच सकते हैं। इसके लिए वार्डों में गार्बेज कलेक्शन सेंटर भी बनाए जायेंगे।
खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई
नगर निगम शिमला सफाई व्यवस्था को सुचारू करने के लिए ऐसे हॉटस्पॉट को साफ करने जा रहा है, जहां लोग अमूमन कूड़ा फेंकते हैं। इन हॉटस्पॉट को साफ करने के बाद यहां साइन बोर्ड और सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे। हॉटस्पॉट के साफ होने के बाद भी यदि कोई व्यक्ति इन हॉटस्पॉट पर कूड़ा फेंकता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिमला को स्वच्छ बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

