जोगिन्दर नगर/ मंडी – अजय सूर्या
जोगिन्दर नगर में लगातार बढ़ रहे चिट्टे के प्रकोप और लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के खिलाफ माकपा ने स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ प्रदेश सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया है।
चोरी की वारदातों के बढ़ने तथा फिजूल की अफवाहों पर को रोकने बारे विशेष तौर पर चौंतड़ा में माकपा की स्थानीय कमेटी की बैठक आज आयोजित की गई।
चौंतड़ा कमेटी की इस बैठक में जिला सचिव कुशाल भारद्वाज, जोगिन्दर नगर लोकल कमेटी सचिव रविन्दर कुमार, सुदर्शन वालिया, प्रताप चंद, पूर्ण चंद, कृष्ण चंद, सीमा देवी, कृष्णा देवी, भगत राम, नीलम वर्मा आदि भी उपस्थित हुए।
माकपा ने इन घटनाओं पर कडा संज्ञान लेते हुए कड़े प्रशासनिक कदम उठाने की मांग की है। शनिवार 24 अगस्त को चोरी की घटनाओं तथा चिट्टे के बढ़ते शिकंजे के खिलाफ अभियान चलाने के लिए किसान सभा द्वारा चौंतड़ा में जो कन्वेन्शन और प्रदर्शन रखा है, उसे माकपा की स्थानीय कमेटी ने भी पूरा समर्थन देने का फैसला किया है।
इस अवसर पर माकपा के जिला सचिव एवं जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने कहा कि लचर पुलिस व्यवस्था तथा राजनीतिक शह के चलते जोगिन्दर नगर में इन वारदातों में वृद्धि हुई है। चोरी की घटनाओं का सीधा संबंध चिट्टा और अन्य नशों से भी सीधे तौर पर जुड़ा है।
ज़्यादातर वारदातों में चोरों को पकड़ा नहीं गया है। जिस कारण बहुत से युवा जो नशे की गिरफ्त में हैं इन वारदातों को बेखौफ हो कर अंजाम देते हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरों के खिलाफ जबर्दस्त अभियान चलाया जाये, जो भी चोरी में संलिप्त पाये जाते हैं उन्हें राजनीतिक दवाब में आए बिना तुरंत गिरफ्तार किया जाये।
इसके साथ ही फालतू की अफवाहें फैलाने वालों, चोरी की घटनाओं की आड़ में समुदाय विशेष के लोगों और प्रवासी मजदूरों के खिलाफ घृणा और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए।
जब कोई लोकल रसूखदारों के बच्चे या रिश्तेदार चोरी में संलिप्त पाये जाते हैं तो नफरत फैलाने वालों की जुबान में ताले लग जाते हैं, लेकिन वे ध्यान भटकाने के लिए समुदाय विशेष और प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हैं।
कुछ लोगो हर दिन झूठी समुदाय विशेष के लोगों के के बारे में सोशल मीडिया के माध्यम से झूठी खबरें प्रसारित करते हैं। उनके खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
आज सबसे जरूरी है कि जो हमारे लोकल बच्चे नशे की चपेट में आए हैं उनको इस चुंगुल से बाहर निकालना है। कई ऐसे हैं जो सोशल मीडिया में तो नफरत फैलाते हैं लेकिन घरों के बिगड़े शाहजादों पर नकेल नहीं कसते हैं। इसी लिए वारदातें बढ़ रही हैं।
कुशाल भारद्वाज ने लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। डंडे लेकर सड़कों और चौराहों में घूमने के बजाए अपने-अपने घरों में आराम से रहें। जब आप घरों में होंगे तो चोरी कैसे होगी। चौराहे में पहरा लगाने से चोरी नहीं रूकेगी बल्कि रात को अपने घरों में रहने से रूकनी है।
कुछ लोगो राहगीरों के खिलाफ भी युवाओं को बढ़का रहे हैं, ऐसे में कई जगह बिना वजह निर्दोष लोगों को भी निशाना बनाया जा रहा है। यदि ऐसे हमलों में किसी निर्दोष की जान चली जाएगी तो भड़काने वाले तो चंपत हो जाएँगे, लेकिन पुलिस शिकंजे में भी युवा ही फंसेंगे।
उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ जंग जीत लेंगे तो चोरी की घटनाओं पर काफी अंकुश लग जाएगा। यदि चिट्टे के खिलाफ समय रहते नहीं संभले तो कई घरों के चिराग इस नशे से असमय ही बुझ जाएँगे।
उन्होंने जनता से अपील की है कि 24 अगस्त को चोरी और चिट्टे के मुद्दे पर सुबह मेला मैदान सुकाबाग में इकट्ठा हो कर सरकार और पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देने और लोकतान्त्रिक तरीके से एक स्वर में आवाज बुलंद करने जरूर आयें।

