शिमला, 15 अगस्त – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश में इस बार भी महिलाएं रक्षाबंधन और भैया दूज के दिन हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क सफर कर सकेंगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने पिछले कई सालों की तरह इस मर्तबा भी निगम की बसों में महिलाओं को इन त्योहारों में नि: शुल्क बस सेवा की सुविधा देने का निर्णय लिया है।
इस सम्बंध में निगम के प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर की ओर से अधिसूचना जारी हुई है। इसके मुताबिक रक्षाबंधन पर 19 अगस्त को और भैया दूज पर 3 नवम्बर को महिलाएं एचआरटीसी की बसों में महिलाएं मुफ्त सफर करेंगी। महिलाओं को सफर की सुविधा सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक ही मिलेगी।
निगम प्रबंधन की ओर से इसे लेकर सभी चालकों और परिचालकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बहनों को अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए एचआरटीसी की सामान्य बसों में निशुल्क सुविधा दी जाएगी।
इसी तरह भैया दूज वाले दिन भी सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा महिलाओं को सूर्योदय से सूर्यास्त तक मिलेगी। महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

