ज्वाली – शिवू ठाकुर
विधानसभा क्षेत्र ज्वाली की ग्राम पंचायत लुधियाड़ में एक व्यक्ति की सांप के डसने से मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मिलाप सिंह (55) पुत्र झंडू राम निवासी लुधियाड़़ वार्ड नंबर छह बुधवार शाम को अपने खेतों में पशुओं को चारा लाने के लिए गया हुआ था, लेकिन जब 7:30 बजे तक अपने घर नहीं पहुंचा तो उसका बेटा शिव कुमार अपने पिता को ढूंढने खेतों में गया।
खेतों में बेटे ने देखा कि मिलाप सिंह खेत में पड़ा पड़ा तड़प रहा है। मिलाप सिंह के बेटे ने अपने साथियों को फोन करके बुलाया और वह अपने दोस्तों की मदद से अपने पिता को नजदीकी निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गया, वहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उपप्रधान अभिषेक चौधरी के बोल
पंचायत लुधियाड़ के उपप्रधान अभिषेक चौधरी ने बताया कि मिलाप सिंह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का पोषण कर रहा था। अब उसके परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। उपप्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।

