पांव फिसलने से उठाऊ पेयजल योजना के टैंक में गिरा पंप ऑप्रेटर, डूबने से हुई मौ.त
हिमखबर डेस्क
सुंदरनगर के डैहर स्थित जल शक्ति विभाग के उठाऊ पेयजल योजना के क्लेवज टैंक में गिरने से पंप ऑप्रेटर की मौत गई। उसका शव देर रात टैंक से बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान सुरेश कुमार (39) पुत्र स्वर्गीय नागराज निवासी गांव दरेहड़ा डैहर के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार सोमवार सुबह अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। शाम के समय अचानक पांव फिसलने से वह टैंक में गिर गया और डूब गया। जब परिजनों और उसके सहयोगियों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो उससे संपर्क नहीं हो पाया।
इसके बाद सभी ने अपने-अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान जल कर्मियों ने टैंक में एक चप्पल पानी में तैरती हुई देखी। जब उन्होंने टैंक का पानी कम करवाया तो इस दौरान सुरेश का शव टैंक से बरामद हुआ।
वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और जल शक्ति विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाने बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बता दें कि सुरेश कुमार के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है तथा घर पर वह ही इकलौता कमाने वाला था। मृतक सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी व माता को छोड़ गया है।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण के बोल
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि जल शक्ति विभाग सुंदरनगर के उठाऊ पेयजल योजना डैहर में कार्यरत पंप ऑप्रेटर की पांव फिसलने से टैंक में गिरने से मौत हो गई है। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

