बिलासपुर – सुभाष चंदेल
एम्स बिलासपुर में रेडिएशन एन्कोलॉजी सेवाएं शुक्रवार से शुरू हो गईं। करीब 38 करोड़ की आधुनिक मशीनरी यहां पर स्थापित की गई है, वहीं लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट भी एम्स में शुरू हुआ है, जिसमें 750 बेड को ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी।
इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि देश के सभी एम्स संस्थाओं में डॉक्टरों की भर्ती अब एक साथ की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया एक बार में की जाएगी और वहां से चयनित होने वाले डॉक्टर को उनके राज्यों के हिसाब से नियुक्ति दी जाएगी। इसको लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से बातचीत हो चुकी है।
इसके अलावा जल्द ही इंटर एम्स फैकल्टी एक्सचेंज प्रोग्राम भी शुरू किया जाएगा जिसमें एक-एक महीने के लिए एम्स के डॉक्टर को अन्य एम्स में भेजा जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया, केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, एम्स कार्यकारी निदेशक डा. वीर सिंह नेगी, उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल हरिहरण, एमएस डा दिनेश वर्मा, नयना देवी विधायक रणधीर शर्मा, झंडूता विधायक जीतराम कटवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व सांसद सुरेश चंदेल, भाजपा जिला अध्यक्ष स्वतंत्र संख्यांन, एचपीसीए सचिव सुमित शर्मा, प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।

