हिमखबर डेस्क
चिंटू तुम कहां से आ रहे हो… भैया आपकी तेरहवीं से ही तो लौट रहा हूं… ये एक शॉर्ट वीडियो का डायलॉग है। साथ ही एक सन्देश भी छिपा है, शराब पीकर गाड़ी चलाई तो खुद यमराज ही गाड़ी सहित डिलीवरी लेने आएंगे। कौन बनेगा करोड़पति से सुर्खियों में आया नन्हा बालक अरुणोदय शर्मा के चंचल व नटखट स्वभाव से तो आप बखूबी परिचित होंगे।
हमेशा अरुणोदय को शब्दों के जाल बुनते देखा होगा, लेकिन इस बार केबीसी फेम अरुणोदय शर्मा शब्दों के जाल में आपको ठहाके लगाने पर विवश नहीं करेगा, बल्कि गंभीर मुद्रा में अनमोल जीवन की कीमत बता रहा है। साथ ही ये सन्देश देने में बखूबी सफल हुआ है कि शराब पीकर गाड़ी को चलाना अनमोल जीवन के लिए रिस्की है।
हिमाचल प्रदेश के परिवहन विभाग ने पब्लिक को ड्रंकन ड्राइविंग को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से एक शॉर्ट वीडियो जारी किया है। इसमें केबीसी फेम अरुणोदय शर्मा बखूबी अपना किरदार निभाते नजर आ रहा है। अरुणोदय की मौजूदगी व परिवहन निगम के शानदार थीम की वजह से वीडियो को सोशल मीडिया के मंच पर खासी वाह वाही मिल रही है।

शॉर्ट वीडियो में अरुणोदय इस बात का खुलासा कर रहा है कि कैसे शराब का सेवन करने के बाद ड्राइविंग जीवन पर भारी पड़ सकती है। करीब 2 मिनट 45 सेकंड के वीडियो में अरुणोदय शर्मा समाज को एक संदेश देने में सफल हुआ है।

