चंबा के भरमौर स्थित मणिमहेश झील हिंदुओं और शिव भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, चिकित्सा शिविरों में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार
चम्बा, 28 अगस्त 2023 – भूषण गुरूंग
मणिमहेश यात्रा में आने वाले शिवभक्तों के स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट 31 अगस्त को ही विभिन्न पड़ावों पर मोर्चा संभाल लेगा। यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी तैयारियों मुकम्मल कर ली गई है।
साथ ही यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्थापित होने वाले चिकित्सा शिविरों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी का रोस्टर भी तैयार कर लिया है। इन शिविरों में ऑक्सीजन सिलेंडरों समेत दवाइयों की उपलब्धता भी विभाग की ओर से सुनिश्चित की गई है।
खबर की पुष्टि खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डा. अंकित शर्मा ने की है। जानकारी के अनुसार उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस ली है। यात्रा के दौरान चिकित्सा शिविरों समेत स्टाफ की तैनाती और अन्य मुद्दों पर एडीसी भरमौर नवीन तंवर ने खंड चिकित्साधिकारी के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश जारी कर दिए है।

एडीसी के दिशा-निर्देशों के तहत इस मर्तबा यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर 31 अगस्त से स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा शिविर अपनी सेवाएं आरंभ कर देंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर लगने वाले चिकित्सा शिविरों के लिए स्टाफ की कुल 26 टीमों का गठन किया गया है। इनमें आयुर्वेदिक विभाग के डाक्टरों समेत स्टाफ के अन्य सदस्यों को भी शामिल कर लिया गया है।
तय रणनीति के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के यात्रा में डल लेक, गौरीकुंड, सुंदरासी, धनछो, भरमाणी माता मंदिर, होली के जैलखड्ड, सिविल अस्पताल और इसके भरमौर स्थित स्टोर में चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे।
उधर, खंड चिकित्साधिकारी भरमौर डा. अंकित शर्मा ने कहा कि मणिमहेश यात्रा में अपनी सेवाएं देने के लिए महकमा पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त से विभिन्न स्थानों पर लगने वाले चिकित्सा शिविरों में अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात हो जाएंगे और 23 सिंतबर की अवधि तक यहां पर स्टाफ अपनी सेवाएं प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पांच-पांच दिन अपनी ड्यूटी देंगे।

