राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब में छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में शिक्षक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया हैं, वहीं प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन से जवाबतलब किया है।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब में छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले में शिक्षक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया हैं, वहीं प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन से जवाबतलब किया है।
मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने मामले में संज्ञान लिया और स्कूल प्रबंधन से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोप स्कूल के ही एक अध्यापक पर लगे हैं। शिक्षा विभाग ने भी जिला स्तरीय जांच कमेटी गठित कर पुलिस को मामले की शिकायत सौंप दी है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्कूल की एक छात्रा के परिजनों ने प्रधानाचार्य को एक अध्यापक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की लिखित शिकायत 5 मई को दी थी। मामले को दबाने का भी प्रयास किया गया। मामला संज्ञान में आने पर स्कूल प्रबंधन ने इस मामले की जांच का जिम्मा स्कूल में बनी लैंगिक उत्पीडऩ निवारण समिति को सौंपा।
डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि स्कूल के प्रिंसीपल की तरफ से छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न का शिकायत पत्र मिला है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
4 दर्जन छात्राओं ने कम्पलेंट बॉक्स में डाली शिकायत
स्कूल में छात्राओं के साथ अध्यापक द्वारा यौन उत्पीड़न के मामले में एक और खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि 40 से अधिक छात्राओं ने स्कूल में बनी लैंगिक उत्पीड़न निवारण समिति के शिकायत पेटी में शिकायत डालकर अध्यापक पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगाए हैं।
यह शिकायत भी लैंगिक उत्पीड़न निवारण समिति के पास मिली है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी अन्य स्कूल में ड्यूटी के दौरान इस अध्यापक पर छेड़छाड़ के आरोप लगे थे और यह विवादों में रहा है।
शिक्षा विभाग ने गठित की कमेटी
छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़ने की शिकायत के बाद लैंगिक उत्पीडऩ निवारण समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट स्कूल के प्रिंसीपल को सौंपी है। उसके बाद स्कूल प्रिंसीपल ने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने जिला स्तरीय जांच कमेटी का गठन कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

