त्रिगर्त कला उत्सव के समापन समारोह पर मुख्य अतिथि होंगे माननीय कृषि एवं पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, उपायुक्त कांगड़ा ने लिया तैयारियों का जायजा : एसडीएम कांगड़ा
4 मई, कांगड़ा – राजीव जस्वाल
कांगड़ा स्थित माता के बाग में तीन दिवसीय त्रिगर्त कला उत्सव कार्यक्रम का आयाेजन 5 मई से 7 मई 2023 तक किया जाएगा जिसका थीम जीणा कांगड़े दा रखा गया है। उत्सव की तैयारियां प्रशासन द्वारा लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल माता का बाग इस उत्सव के आयोजन के लिए सुसज्जित कर दिया गया है।
त्रिगर्त कला उत्सव कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज उपायुक्त कांगड़ा निपुण जिंदल कांगड़ा माता के बाग पहुंचे। उपायुक्त कांगड़ा ने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं की जांच की।
इस मौके पर उपायुक्त कांगड़ा साथ एसडीएम कांगड़ा नवीन तंवर मौजूद रहे। उपायुक्त कांगड़ा ने माता का बाग के अतिरिक्त, खोली और रजियाना स्थित साइटों का भी निरीक्षण किया।

उपायुक्त कांगड़ा ने प्रशासन को त्रिगर्त कला उत्सव कार्यक्रम करवाने के लिए शुभकामनाएं दी और लोगों से इस उत्सव में पहुंचने और अपनी लोक संस्कृति के लिए जागरूक होने की अपील की।
एसडीएम कांगड़ा ने कहा त्रिगर्त कला उत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को लोक संस्कृति से रूबरू करवाना और माता के बाग को लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बनाने की तरफ एक कदम है। एसडीएम कांगड़ा ने बताया कि माता के बाग का निर्माण कार्य (एडीबी) एशियन डेवलपमेंट बैंक द्वारा बहुत सुंदर तरीके से किया गया है।
त्रिगर्त कला उत्सव के मुख्य आकर्षण केंद्र हिमाचली लोक गायक, कवि सम्मेलन, स्कूली छात्रों द्वारा कांगड़ा पेंटिंग कंपटीशन,निफ्ट कांगड़ा छात्रों द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी होंगी।

उन्होंने बताया इस उत्सव में हिमाचली लोक गायक जिनमें करनैल राणा, कुमार साहिल, अभिज्ञा, राजीव थापा, सुनील राणा, धीरज शर्मा और निमो चौधरी रहेंगे जो कि अपनी मधुर आवाज से लोगों का मनोरंजन करेंगे।
त्रिगर्त कला उत्सव का शुभारंभ कल सुबह 11:00 बजे उपायुक्त कांगड़ा निपुण जिंदल द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन समारोह पर मुख्य अतिथि हिमाचल प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री माननीय चौधरी चंद्र कुमार होंगे।
उत्सव के प्रथम दिन कार्यक्रम का शुभारंभ होने के उपरांत स्कूली छात्रों द्वारा कांगड़ा पेंटिंग कंपटीशन करवाया जाएगा और स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न प्रदर्शनीयां लगाई जाएंगी और शाम 6:00 बजे से लोक कलाकार अपनी अपनी प्रस्तुतियां देकर लोगों का मनोरंजन करेंगे।

