हैरिटेज प्रेस क्लब प्रागपुर ने की कड़ी निंदा
ऊना – अमित शर्मा
रायपुर सहोड़ा स्थित इंडियन ऑयल के एलपीजी प्लांट के बाहर धरना दे रहे ट्रक ऑपरेटरों ने पत्रकारों पर हमला कर दिया। इस घटना में ऊना के एक वरिष्ठ पत्रकार लहूलुहान हो गए, जिन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल दाखिल करवाया है। पुलिस ने घटना के संबंध में ट्रक यूनियन के अध्यक्ष सहित अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को रायपुर सहोड़ा स्थित प्लांट के बाहर ट्रक आपरेटर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी प्रदर्शन की कवरेज के लिए जिला मुख्यालय से पत्रकारों की एक टीम गई थी। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार और ट्रक आपरेटर के बीच इस मामले को लेकर बातचीत चल ही रही थी कि इसी दौरान ट्रक आपरेटर यूनियन के अध्यक्ष ने गाली-गलौज करते हुए पत्रकार पर हमला कर दिया।
जिसे देखकर अन्य ट्रक आपरेटर भी टूट पड़े। हालांकि घटनास्थल पर पुलिस बल भी तैनात था, दर्जनों ट्रक आपरेटर पुलिस जवानों पर भी हावी हो गए। मारपीट के दौरान ट्रक आपरेटरों में से एक व्यक्ति ने किसी तेजधार हथियार से वरिष्ठ पत्रकार के चेहरे पर हमला कर दिया, जो कि उनकी बाईं आंख के नीचे लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गए।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और घटना को लेकर मीडिया कर्मी के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने घायल मीडिया कर्मी की शिकायत पर जांच शुरू कर दी।
एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने कहा कि घायल मीडिया कर्मी का मेडिकल करवाया है। मामले में ट्रक यूनियन अध्यक्ष सहित अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

हैरिटेज प्रेस क्लब प्रागपुर ने की कड़ी निंदा
पंजाब केसरी ऊना के वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र शर्मा पर मीडिया कवरेज के दौरान हुए जानलेवा हमले की हेरिटेज प्रेस क्लब प्रागपुर ने कड़ी निंदा की हे। प्रदेश सरकार और पुलिस से मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि अगर मीडिया कवरेज के लिए निष्पक्ष पत्रकारिता करने गए मीडियाकर्मियों पर ऐसे जानलेवा हमले होंगे तो समाज में इससे बुरा सन्देश नहीं हो सकता। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दिशा में हस्तक्षेप करते हुए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश करे।
हेरिटेज प्रेस क्लब प्रागपुर अध्यक्ष आशीष शर्मा उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर व समस्त कार्यकारिणी ने कहा कि सुरेंद्र शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। समाज के हर वर्ग की आवाज बुलंद कर रहे हैं। जिस प्रकार रायपुर सहोड़ा में उन पर कुछ गुंडा तत्वो ने हमला करते हुए उन्हें चोट पहुंचाई है अति निंदनीय है।
उनके साथ कवरेज के लिए अन्य पत्रकारों ने भाग कर जान बचाई। यह कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल कर रही है, क्योंकि जिस विवाद प्रदर्शन की कवरेज के लिए मीडियाकर्मी गए हुए थे वहां पुलिस बल भी मौजूद था। उनके सामने सब कुछ घटित हुआ है। उन्होंने बीच बचाव किया है। इसलिए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

