फतेहपुर – अनिल शर्मा
जिला के तलवाड़ा मार्ग पर लगते कस्बा उपरला बरोट में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां बीती रात एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर पैदल चल रहे अधेड़ व्यक्ति को टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी अनुसार 65 वर्षीय साहिब सिंह उपरला बरोट में सडक़ पर पैदल अपने घर की तरफ जा रहा था कि पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह काफी दूर जाकर गिरा।
वाहन चालक टक्कर मारने के बाद फरार हो गया। पास ही के दुकानदार आवाज सुनते ही दुकानों से बाहर निकले व सडक़ पर गिरे घायल व्यक्ति को उठाकर सिविल अस्पताल फतेहपुर पहुंचाया तथा डॉक्टरों ने उसे रैफर कर दिया।
परिजन उसे पठानकोट के निजी अस्पताल ले गए, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में यह रिकार्ड हो गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वाहन व वाहन चालक का पता लगा लिया जाएगा।

