
चम्बा – अनिल संबियाल
विकास खंड मैहला की जटकरी पंचायत में विकास कार्यों में गड़बड़ी के आरोप में पूर्व प्रधान सहित तीन के खिलाफ चंबा थाना में एफआईआर दर्ज हुई है।
आरटीआई कार्यकर्ता भगत राम ठाकुर ने की ओर से जिन तथ्यों को आधार पर बनाकर एफआईआर दर्ज करवाई गई है, अब पुलिस उसकी बारीकी से जांच पड़ताल करेगी। पुलिस की जांच पूरी होने के उपरांत ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
आरटीआई कार्यकर्ता भगत राम ठाकुर ने शिकायत में कहा है कि पूर्व प्रधान ने अपने कार्यकाल के दौरान अपनी शक्तियों का दुरुपयोग किया है। एक व्यक्ति एक ही समय में मनरेगा और बीआरजीएफ के कार्यों में मजदूरी की है, जबकि ऐसा हो नहीं सकता है।
ऐसा सिर्फ इसलिए किया गया। ताकि सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया जा सके, जबकि एक व्यक्ति एक समय में दो कार्यों में दिहाड़ी नहीं लगा सकता है।
आरटीआई कार्यकर्ता ने कहा कि मनरेगा के तहत पंचायत घर की रिपेयर का कार्य और बीआरजीएफ के तहत नहर का निर्माण कार्य चल रहा था। दोनों कार्य अलग-अलग स्थानों पर किए जा रहे थे।
मगर तत्कालीन पंचायत प्रधान ने दोनों कार्यों में एक व्यक्ति के नाम की हाजिरी लगाकर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया। इसमें मास्टररोल भरने वाले से लेकर दिहाड़ी लगाने वाले दोनों गुनहगार हैं।
उधर, पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है वहीं मामले की निष्पक्ष जांच करने का आरटीआई कार्यकर्ता को आश्वासन भी दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है। जांच पूरी होने के उपरांत ही आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
