
शिमला – नितिश पठानियां
राज्य के सरकारी स्कूलों में लेक्चरर के 530 पदों पर जल्द ही भर्ती की जाएगी। डायरेक्ट भर्ती के तहत इन पदों को भरा जाएगा। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार को भेज दिया है। जल्द ही इसे मंत्रिमंडल की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। मंत्रिमंडल की स्वीकृति के बाद विभाग इसे आयोग को भेजेगा।
तैयारी में जुटा शिक्षा विभाग
बता दें कि कर्मचारी चयन आयोग को सरकार ने भंग कर दिया है, ऐसे में यह पद राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से ही भरे जाएंगे। सरकार की मंजूरी आने से पहले शिक्षा विभाग इसकी औपचारिक्ताओं को पूरा करने में जुट गया है। इसके लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है, ताकि सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इस पर जल्द काम किया जा सके।
पहले भी उठाया था यह मामला
शिक्षा विभाग ने पूर्व सरकार के कार्यकाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भी सरकार के समक्ष खाली पदों को भरने का मामला उठाया था। सरकार ने इसकी मंजूरी दी थी, लेकिन आचार संहिता लग जाने के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब नए सिरे से इसका प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए सरकार को भेजा गया है।
इन पदों पर होगी भर्ती
शिक्षा विभाग ने सरकार को जो प्रस्ताव भेजा है उसमें अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास के अलावा वाणिज्य और विज्ञान संकाय के पदों को भरने की मांग की है। हर श्रेणी में पदों की संख्या अलग-अलग है। अभी सरकार की मंजूरी नहीं मिली है। राज्य के स्कूलों में शिक्षकों के काफी पद खाली पड़े हुए हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा ने बताया कि लेक्चरर न्यू के 530 पदों को भरने की मंजूरी सरकार से मांगी गई है। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इसे भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
