
भटेहड़ में कुंए के पानी के साथ शादी-विवाह से फैलने पर आशंका; भरे सेंपल, स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट, संभावित क्षेत्रों में टीमें तैनात
धर्मशाला – राजीव जस्वाल
जिला कांगड़ा के मुख्यालय धर्मशाला के साथ लगते दाड़ी, भटेहड़, पास्सू, शिल्ला व आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में डायरिया के मामले सामने आए हैं। इसमें पिछले दो दिनों में 22 डायरिया के मरीज सामने आने के बाद बुधवार के दिन भी 14 नए डायरिया मरीज धर्मशाला में सामने आए हैं। इसमें 12 लोग पूरी तरह से स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
वहीं मौजूदा समय में 24 डायरिया मरीज एक्टिव है, जिनका इलाज चल रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि इसमें अस्पताल में किसी भी रोगी को एडमिट नहीं किया गया है। प्रांरभिक उपचार के लिए धर्मशाला पहुंचे मरीजों को भी घर भेज दिया गया है।
वहीं आरंभिक जांच में स्वास्थय विभाग व जलशक्ति विभाग की ओर से शिल्ला चौक के साथ लगते भटेहड़ में कुंए के पानी से कुछेक घरों में पीने के पानी की सप्लाई संग शादी-विवाह में स्वच्छ पानी न पीने से डायरिया फैलने की अंशका जताई जा रही है।
इसके चलते स्वास्थ्य विभाग व जलशक्ति ने संभावित संदिग्ध क्षेत्रों से पानी के सैंपल एकत्रित कर लिए हैं। सैंपल की रिपोर्ट गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग के पास पहुंच जाएगी, जिससे डायरिया फैलने का कारणों को खुलासा हो पाएगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग कांगड़ा पूरी तरह से अलर्ट हो गया है।
धर्मशाला के डायरिया फैलने वाले संभावित क्षेत्रों में टीमें तैनात कर दी गई है, जिसमें टीमों की ओर से लोगों को ओआरएस गोल, क्लोरिन और पीने के पानी की साफ-सफाई व क्षेत्रों को भी साफ किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों को उबला हुआ पानी पीने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
सीएमओ कांगड़ा के बोल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डा. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि धर्मशाला के अंतर्गत ग्राम पंचायत शीला एवं पास्सु गांव में डायरिया के करीब 22 मामले पहले व 14 नए सामने आए हैं। उक्त में से 12 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, 24 का घर में ही उपचार किया जा रहा है।
इस संदर्भ में जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा सतर्कता के तौर पर उपरोक्त ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैनात कर दिया गया है। इस दौरान जिला प्रशासन एवं जल शक्ति विभाग को भी इस संदर्भ में एहतियात तौर पर सतर्क हो गया है। सीएमओ डा. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि स्थानीय लोगों को पीने का पानी उबालकर पीने के लिए सलाह दी जा रही है।
