
नूरपुर – देवांश राजपूत
हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार लोकबाडी के अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से संगठन महामंत्री राजेश पठानिया ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने नूरपुर से कांग्रेस प्रत्याशी अजय महाजन के समर्थन में कांग्रेस का हाथ थाम लिया है।
अजय महाजन को अपना समर्थन देते हुए पठानिया ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। राजेश पठानिया ने भाजपा पर क्षेत्र की जनता की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा पांच साल तक क्षेत्र की जनता विभिन्न समस्याओं से लड़ती रही।
फोरलेन प्रभावित अपने हक की रक्षा के लिए लगातार न्याय की गुहार लगाते रहे, लेकिन भाजपा सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की।
आप की न नीति और न ही नीयत : पठानिया
उन्होंने आप को अलविदा कहते हुए कहा आप की न तो कोई नीति है और न इसकी कोई अच्छी नियत है। प्रदेश की जनता का भाजपा से पूरी तरह मोह भंग हो चुका है। इस अवसर पर अजय महाजन ने राजेश पठानिया का कांग्रेस को समर्थन देने के लिए उनका धन्यवाद किया।
फोरलेन प्रभावितों के लिए निक्का भी उतने ही गुनाहगार
अजय महाजन ने भाजपा प्रत्याशी रणबीर निक्का पर निशाना साधते हुए कहा कि नूरपुर के हजारों फोरलेन प्रभावितों के साथ हुए अन्याय के लिए वह भी उतने ही गुनाहगार हैं, जितनी गुनाहगार भाजपा सरकार रही है।
पठानिया ने कहा यदि निक्का अपने लिए भाजपा की टिकट ला सकते हैं तो क्षेत्र के हजारों फोरलेन प्रभावितों की आवाज को क्यों दरकिनार करते रहे। इसका जवाब उन्हें प्रभावितों को देना होगा।
