
कंप्लेंट मॉनीटरिंग सैल के दूरभाष नंबरों या सीविजिल ऐप पर कर सकते हैं शिकायत
हमीरपुर 21 अक्तूबर – अनिल कपलेश
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला में आदर्श आचार संहिता की अक्षरश: अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए कड़े प्रबंध किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी देबश्वेता बनिक ने बताया कि जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में उडऩ दस्तों का गठन किया गया है। ये उडऩ दस्ते लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं को पैसे या अन्य सामग्री के वितरण, प्रलोभन देने और धमकाने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई एवं सजा हो सकती है।
उन्होंने बताया कि अगर कोई व्यक्ति निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान धनराशि या अन्य सामग्री के वितरण के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करता हुआ पाया गया तो उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 171बी के तहत एक साल का कारावास एवं जुर्माना हो सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति किसी मतदाता या अभ्यर्थी को किसी भी तरह की धमकी देता है तो उसे भी भारतीय दंड संहिता की धारा 171 सी के तहत एक साल का कारावास एवं जुर्माना हो सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाताओं को पैसे या अन्य सामग्री के रूप में प्रलोभन देने तथा डराने-धमकाने में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना जिला स्तरीय कंप्लेंट मॉनीटरिंग सैल के दूरभाष नंबरों 01972-222003, 222004, 222005 और 222006 पर दी जा सकती है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के सीविजिल ऐप के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है।
