
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
घुमारवीं पुलिस ने एक व्यक्ति से चिट्टा पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस का एक गश्ती दल हवाण से तियूण को जाने वाली सड़क से पिपलुघाट में पहुंचा, तो सड़क से पैदल एक युवक जिसने पीले रंग की लोअर व नीले रंग की चेकदार कमीज पहन रखी थी, जो हवाण की तरफ से आ रहा था।
जब पुलिस की गाड़ी इस व्यक्ति के सामने पहुंची तो यह पुलिस को देखकर एकदम से चौंक गया। उक्त व्यक्ति पर शक के आधार पर पूछताछ करने के लिए पुलिस जवान गाड़ी के बाहर निकले तो उक्त युवक एकदम से पीछे मुड़ा व सड़क से पीछे की ओर दौड़ लगा दी। भागते हुए उसने लोअर की दाहिनी जेब से कुछ वस्तु निकाल कर नीचे फेंक दी व दौड़ता रहा। थोड़ी दूर करीब 50 मीटर पर उसे पुलिस जवानों ने पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा पूछने पर उसने अपना नाम सोनू कुमार निवासी गांव दरोला डाक्टर हवाण तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर व उम्र 29 वर्ष बताई। जब सड़क के साथ नीचे की तरफ फेंकी हुई वस्तु जो कि पारदर्शी लिफाफा में थी, को चेक किया गया तो उसमें कणीदार व पाउडर नुमा हल्के पीले रंग का पदार्थ पाया गया, जिसकी गहनता पूर्वक जांच करने पर यह पदार्थ चिट्टा पाया गया।
जब इसे तराजू से तोला गया तो तोलने पर इसका वजन 2.75 ग्राम पाया गया। एसएचओ रजनीश ठाकुर ने बताया कि गश्त के दौरान सोनू कुमार के पास 2.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने नशा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
