मैच डे पर धर्मशाला में ऐसे चलेगा ट्रैफिक, कांगड़ा पुलिस ने जारी किया प्लान, पुलिस का सहयोग करें लोग
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले चार आईपीएल मुकाबलों को लेकर कांगड़ा पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि 11, 14, 17 और 26 मई को मैचों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन के अनुसार मैच शुरू होने से छह घंटे पहले धर्मशाला और मैक्लोडगंज में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। हालांकि रूट बसों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छूट दी गई है। मैच समाप्त होने के दो घंटे बाद तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निर्धारित क्षेत्र में सडक़ किनारे पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। यातायात नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, वन-वे मूवमेंट और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। वोल्वो बसों को धर्मशाला से सकोह-गगल रोड़ में चलने की अनुमति प्रदान की गई है, जबकि दाड़ी रोड़ में वोल्बो बसों की आवाजाही मैच दिन के दौरान प्रतिबंधित रहेगी।
इसके साथ ही टैक्सियों को सवारियां उतारने के लिए युद्ध स्मारक के पास स्थान रखा गया है, वंहा से टैक्सियां चीलगाड़ी-डिपो बाजार रोड़ से कोतवाली-मकलोडग़ंज की तरफ निकल सकेंगी। मैच के दौरान मीडिया वाहनों के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ब्वायज धर्मशाला मैदान में पार्किंग आरक्षित होगी।
उधर, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा आईपीएस अशोक रत्न ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन न करें। अगर कोई ऐसा करता है तो उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आईटीआई रोड टीमों की आवाजाही पर रहेगा बंद
धर्मशाला के दाड़ी आईटीआई से स्टेडियम रोड़ को टीमों की आवाजाही के दौरान 20 मिनट पहले ही पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। इस दौरान छोटे वाहन भी फुटबॉल ग्रांउड पार्किगं की तरफ नहीं आ पाएंगे। साथ ही उक्त रोड़ में वाहनों की पार्किगं पर भी पूरी तरह से पांबदी लगाई गई है।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग
श्रीचामुंडा और योल की ओर से आने वाले वाहनों को जोरावर स्टेडियम सिद्धबाड़ी में पार्क कराया जाएगा। कांगड़ा, मटौर और गगल की तरफ से आने वाले वाहन दाड़ी मेला ग्राउंड और अचीवर्स हब स्कूल मैदान में पार्क होंगे। इन पार्किंग स्थलों से दर्शकों को शटल बसों के जरिए स्टेडियम के पास उतारा जाएगा।
साथ ही सकोह-कुणाल पत्थरी की तरफ से आने वाले वाहनों को पुलिस मैदान धर्मशाला, मकलोडगंज-कोतवाली से आने वाले को मिनी सचिवालय व हनुमान मंदिर के पास राज्य सचिवालय पार्किंग व डीआईजी आफिस में छोटे वाहनों की पार्किंग की जाएगी।
ऐसे चलेगी टै्रफिक
मकलोडगंज जाने वाले वाहनों को गांधी चौक बाइपास मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि मकलोडगंज से धर्मशाला आने वाले वाहनों को टेंपल रोड और फव्वारा चौक मार्ग से निकाला जाएगा। सकोह से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष पार्किंग और डायवर्जन व्यवस्था तय की गई है। इसके तहत उन्हें पुलिस मैदान धर्मशाला में पार्किंग भी उपलब्ध करवाई गई है।

