हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उपमंडल बंगाणा के तहत रायपुर मैदान में एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका ने तीन लोगों पर उसके साथ स्कूल में पहुंचकर धमकाने और छुट्टी के समय रास्ते में पिटाई करने के आरोप लगाए हैं। मामला दोनों पक्षों में जमीन विवाद से जुड़ा बताा जा रहा है।
शिक्षिका का आरोप है कि तीन लोगों ने पहले स्कूल में पहुंचकर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और बाद में रास्ता रोककर पिटाई की। थाना बंगाणा में शिकायत के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 352 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में पुष्पा देवी निवासी अपर रायपुर मैदान ने बताया कि वह राजकीय प्राथमिक पाठशाला चुरड़ी में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। गत दिवस वह स्कूल में थीं। इस बीच उसके पड़ोसी रमेश चंद, राकेश कुमार और कमलेश देवी स्कूल पहुंचे। तीनों ने स्कूल में उनके साथ गाली-गलौज किया और जमीन विवाद को लेकर बहस की। आरोपितों ने प्रिंसिपल के सामने भी उनके बारे में गलत बातें कहीं और उन्हें स्कूल से निकालने तक की बात कही।
आरोप है कि जब दोपहर को स्कूल से छुट्टी के बाद पुष्पा देवी बेटे संग वापस घर जा रही थी तो रास्ते में आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। तीनों ने उनके साथ पहले धक्का-मुक्की और फिर पिटाई कर दी। कमलेश देवी ने उन्हें थप्पड़ भी मारे। मौके पर रजनी ने बीच-बचाव किया। पुष्पा देवी ने पुलिस को बताया कि इससे पहले चार मई को भी दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था।
एएसपी संजीव भाटिया के बोल
एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

