चम्बा – भूषण गुरुंग
पुखरी पंचायत से उपप्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी के साथ कथित तौर पर घर में घुसकर मारपीट की गई। आरोप है कि विरोधी पक्ष के चार समर्थकों ने उम्मीदवार पर लात-घूंसों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घटना 21 मई की रात की बताई जा रही है।
पीड़ित विपन कुमार निवासी बंदोखी, डाकघर खरोठी, तहसील सलूणी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से चालक हैं और पंचायत चुनाव में उपप्रधान पद के प्रत्याशी हैं। बुधवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद वह अपने घर के आंगन में बैठे थे।
इसी दौरान विपक्षी प्रत्याशी के समर्थक हेम राज, भवनेश, रणवीर सिंह और मदन कुमार वहां पहुंचे और चुनाव को लेकर बहस करने लगे। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और चारों ने उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके नाक, सिर और दांतों में गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर उनकी पत्नी अनुपा और मां ओला देवी मौके पर पहुंचीं और किसी तरह उन्हें आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
घायल विपन कुमार को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में अधिक खून बहने के कारण वह बेहोश हो गए। बेटे की हालत देखकर उनकी मां भी गश खाकर गिर पड़ीं। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया।
मेडिकल कॉलेज चंबा की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में विजय सकलानी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द पूछताछ के लिए थाने बुलाया जाएगा। पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।

