शिमला से देर रात धर्मशाला पहुंचे, सुबह होते ही एक्शन मोड में दिखे विधायक केवल सिंह पठानियां, सुधेड़ में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का किया दौरा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शाहपुर – नितिश पठानियां
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया देर रात शिमला से धर्मशाला पहुंचे और सुबह होते ही एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सुधेड़ में भारी वर्षा एवं भूस्खलन से प्रभावित संपर्क मार्गों और डेंजर जोन में आए मकानों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
विधायक केवल सिंह पठानिया शिमला में एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने गए थे। जैसे ही उन्हें सुधेड़ क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिली, उन्होंने उसी शाम अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए रवाना होने का निर्णय लिया। देर रात धर्मशाला पहुंचने के बावजूद उन्होंने सुबह सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को संपर्क मार्गों को शीघ्र ठीक करने,उनसे जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने धर्मशाला स्थित विद्युत विभाग के विश्राम गृह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में वर्षा से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया गया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
ये रहे उपस्तिथ
इस अवसर पर एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, मुख्य अभियंता विद्युत अजय गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत विकास ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग चंद्रशेखर, बीडीओ रैत कमलजीत, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीर दियोलिया, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय ठाकुर, तहसीलदार धर्मशाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सुधेड़ के जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

